मिशन शक्ति–5 के तहत शमसाबाद थाना पुलिस ने महिलाओं व बालिकाओं को किया जागरूक

फर्रुखाबाद।प्रदेश सरकार द्वारा नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रारम्भ किए गए मिशन शक्ति–5 अभियान के अंतर्गत थाना शमसाबाद पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। इस अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा से जुड़े कानूनों, हेल्पलाइन नंबरों तथा महिला सशक्तिकरण से संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।थाना शमसाबाद पुलिस की टीम ने क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, शिक्षण संस्थानों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाकर महिलाओं और किशोरियों से सीधा संवाद स्थापित किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को बताया कि किसी भी आपात स्थिति, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, उत्पीड़न, साइबर अपराध या अन्य महिला संबंधी अपराधों की स्थिति में वे बिना संकोच हेल्पलाइन नंबर 112,1090 (वीमेन पावर लाइन),181 (महिला हेल्पलाइन),1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) तथा 1076 पर तत्काल संपर्क कर सकती हैं।

पुलिस टीम ने यह भी स्पष्ट किया कि इन हेल्पलाइन सेवाओं के माध्यम से शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है। महिलाओं को यह संदेश दिया गया कि डर या झिझक के कारण अपराध सहना समाधान नहीं है, बल्कि समय पर शिकायत दर्ज कराना ही सुरक्षा की पहली सीढ़ी है।अभियान के दौरान महिलाओं को घरेलू हिंसा अधिनियम, पॉक्सो एक्ट, दहेज प्रतिषेध कानून, छेड़छाड़ एवं साइबर अपराध से जुड़े प्रावधानों की जानकारी भी सरल भाषा में दी गई। साथ ही बालिकाओं को अच्छे-बुरे स्पर्श, सुरक्षित एवं असुरक्षित स्थितियों की पहचान तथा आत्मरक्षा के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।थाना शमसाबाद पुलिस ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, शिक्षा को प्राथमिकता देने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति–5 का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास पैदा करना, उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और समाज में सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर देना है।इस जागरूकता कार्यक्रम में स्थानीय महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की और पुलिस द्वारा दी जा रही जानकारी की सराहना की। महिलाओं ने भरोसा जताया कि ऐसे अभियानों से न केवल अपराधों में कमी आएगी, बल्कि महिलाएं स्वयं को अधिक सुरक्षित और सशक्त महसूस करेंगी।थाना शमसाबाद पुलिस का कहना है कि मिशन शक्ति अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि प्रत्येक महिला और बालिका तक सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश पहुंचाया जा सके।



