मां अंबिका आश्रम बालीपुर धाम में सीएम शिवराज सिंह के आने से पहले प्रशासनिक अमले ने किया निरीक्षण

संत श्री गजानन महाराज के 103 वे जन्मोत्सव कार्यक्रम में 2 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने का अनुमान
मनावर : (मप्र.) धार जिले के मनावर नगर के समीप 5 किमी दूर ग्राम बालीपुर धाम में मां अंबिका आश्रम में सोमवार 6 मार्च को ब्रह्मलीन संत श्री गजानंद महाराज का 103वें जन्मोत्सव कार्यक्रम का विशाल आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में 2 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना बताई गई है। उक्त मौके पर भंडारे में भोजन प्रसादी की संपूर्ण व्यवस्था की गई है। इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का धार्मिक कार्यक्रमों में आने का प्रोग्राम तय हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सीएम शिवराज सिंह 6 मार्च को दोपहर 2:00 बजे के करीब आश्रम पहुंचेंगे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के आगमन एवं जन्म उत्सव कार्यक्रम से पहले धार जिला कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, एसपी आदित्य प्रताप सिंह, सांसद छतरसिंह दरबार, पूर्व मंत्री रंजना बघेल, SDM भूपेंद्र सिंह रावत, थाना प्रभारी नीरज कुमार बिल्थरे सहित प्रशासनिक दल एवं आयोजको द्वारा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने मौका मुआयना कर अधिकारियों को उचित दिशा निर्देश दिए। ज्ञात हो बाबा के जन्म उत्सव पर लाखों श्रद्धालुओं के बीच कई राजनेताओं की उपस्थिति भी होना तय है जिसके प्रोटोकॉल को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क और सुरक्षा की दृष्टि से कार्यक्रम परिसर की बागडोर संभाले हुए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कल सुबह मनावर से बालीपुर शोभायात्रा निकाली जाएगी। जिसमें हजारों श्रद्धालु उपस्थित होकर भक्ति और यात्रा का लाभ उठाते है। इस अवसर पर अंबिका आश्रम बालीपुर धाम के संत योगेश महाराज ने बताया कि हर साल बाबा जी का जन्म उत्सव बड़ी धूमधाम के साथ मनाया जाता है। क्षेत्र और प्रदेश भर के हजारों लाखों श्रद्धालु जन्मोत्सव के अवसर पर दर्शन करने बालीपुर धाम आते है। ग्राम की सड़कें खचाखच भरी रहती है, फूलों की वर्षा से शोभायात्रा को स्वागत किया जाता है।
श्री गजानंद महाराज बाबा के 103 वे जन्मोत्सव के अवसर पर 28 फरवरी से 2 मार्च तक पुरुष हनुमान चालीसा के सवा लाख पाठ किए गए। 5 मार्च को अखंड रामायण के 108 पाठ किए गए। सभी कार्यक्रम संत योगेश जी महाराज व सुधाकर महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न होंगे। उल्लेखनीय है कि 6 मार्च को जन्म उत्सव के उपलक्ष में होने वाले भंडारे में 2 लाख से अधिक लोगो के शामिल होने का अनुमान लगाया गया है क्योंकि हर साल इस जन्मोत्सव कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। मनावर नगर से लेकर बालीपुर धाम तक चारों ओर से क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस छावनी के रूप में तब्दील किया गया। उक्त मौके पर पुलिस प्रशासन के कड़े इंतजाम भी किए गए।