कांग्रेस के धार जिला अध्यक्ष कमल किशोर पाटीदार ने नगर में कांग्रेसियों की ली बैठक

मनावर : (मप्र.) शुक्रवार दोपहर 3 बजे धार जिले के नवनियुक्त कांग्रेस जिलाध्यक्ष कमल किशोर पाटीदार ने मनावर नगर के कांग्रेस भवन कार्यालय में विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष कमल किशोर पाटीदार के साथ जिला महामंत्री जावेद खान, मधु हिरोडकर, मनावर विधायक, उमरबन और मनावर के कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष लोकेश पाटीदार एवं कैलाश जाखड़, नगर कांग्रेस के ओम सोलंकी, सिराज मंसूरी, मलखान पटेल, सुनिल स्टार चौहान तथा नवनिर्वाचित कांग्रेस के पार्षद लक्ष्मी जाट आदि पार्षद प्रतिनिधि एवं कांग्रेस नेता उपस्थित रहे। नगरीय नेताओं ने अपने जिला अध्यक्ष का पुष्पमाला के साथ जोरदार स्वागत सम्मान किया।
इस दौरान नगर और विधानसभा क्षेत्र के कई कांग्रेस वरिष्ठ और युवा नेताओ की अनुपस्थिति देखने को मिली। पूर्व में नपा चुनाव के दौरान पार्षद उम्मीदवारों के टिकिट कट जाने से कई खानदानी कांग्रेसी नेताओ और उनके कार्यकर्ताओ की नाराजगी बरकरार है। वो पार्टी को सिर्फ कांग्रेस की दृष्टि से देखना चाहते है। पार्टी की जीत के लिए नगर में कांग्रेस को जीवित रखा, धार, भोपाल से लेकर दिल्ली तक आंदोलनों में हिस्सा लिया। विधानसभा और लोकसभा चुनाव में तन मन धन के साथ एक सच्चे और पक्के कार्यकर्ता के रूप में कार्य किए। ऐसे उम्मीदवारों को बिना किसी सर्वे के दौड़ से बाहर कर दिया, ये कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने वाले कदम उठाए गए, क्यों? जिसका परिणाम भी बीते चुनाव में पार्टी को हार का सामना करके भुगतना पड़ा। पार्टी हो या घर, अगर अनुभवी व्यक्तियों की रायशुमारी के बिना कोई भी संवैधानिक कदम उठाना एक गलत निर्णय है। जिसके चलते नगर में कांग्रेस को जो नुकसान मिला है उसे दोबारा मजबूत करने का लक्ष्य बनाना होगा।

बैठक के दौरान उक्त मौके पर जिला अध्यक्ष कमल किशोर पाटीदार ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की विफलताओं के खिलाफ 13 मार्च को पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस द्वारा राजभवन घेराव के लिए अधिक से अधिक संख्या में सभी कार्यकर्ताओं को भोपाल पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश चलाने में असफल रही, बेरोजगारी और बढ़ती महंगाई पर काबू नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहां की कमलनाथ के नेतृत्व में दोबारा प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी और जनहित में बेहतर से बेहतर योजनाएं लाकर बेरोजगारी को खत्म और महंगाई पर नकेल कसी जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सर्व धर्म और सर्व समाज को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। ऐसे में सभी को आगे आकर कमलनाथ जी की राजभवन घेराव प्रदर्शन में साथ देना चाहिए।
ज्ञात हो कि 13 मार्च को कमलनाथ के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस का भोपाल आगमन होगा, वर्तमान प्रदेश सरकार के खिलाफ बड़ा जन आंदोलन करने की तैयारी में कांग्रेस जुटी हुई है। जिसके लिए समस्त जिलों के जिलाध्यक्ष सभा और बैठक लेकर भोपाल आगमन के लिए न्योता दे रहे हैं।
विधानसभा चुनाव में टिकट की दौड़
आपको बता दें कि आने वाले कुछ महीनों बाद मध्य प्रदेश सहित अन्य प्रदेशों में विधानसभा चुनाव होने को है। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने समस्त जिला अध्यक्ष और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों को अधिक से अधिक विधानसभा सीट जीतने का लक्ष्य तय करने के लिए जिम्मेदारियां सौंपी गई है। समस्त जिला अध्यक्ष अपने जिले की विधानसभा को मजबूत और सही उम्मीदवार को टिकट देकर मजबूती के साथ चुनाव लड़ाने के लिए पुरजोर कोशिश करेंगे। इस दौरान विभिन्न मुद्दों को लेकर कमलनाथ राज भवन की राह पर धरना प्रदर्शन का आगाज दे रहे हैं। आगामी चुनाव में मनावर विधानसभा क्षेत्र से भी पार्टी को अपनी जीत दर्ज करने के लिए जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत रहना होगा। क्योंकि पूर्व में पंचायत, जिला पंचायत और नगर पालिका चुनाव में हार का मुंह देखने के बाद विधानसभा चुनाव को बड़ी सतर्कता से लड़ना होगा। और पार्टी को भी चाहिए की वह जीतने वाले तथा मजबूत कांग्रेसी नेता को टिकट देकर मैदान में उतारना होगा। क्योंकि इस बार थोड़ी भी चूक नुकसानदेह साबित हो सकती है। वर्तमान में कई चेहरे विधानसभा चुनाव के लिए आगे आ रहे हैं लेकिन यह पार्टी को देखना है कि वह किस पर दाव खेलती है।