जल्द होगा गणेश घाट का निर्माण कार्य शुरू : सांसद दरबार

मनावर (मप्र.) नरभक्षी कहे जाने वाले नेशनल हाईवे 3 पर बने गणेश घाट में ढलान के नवीन निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा, उक्त जानकारी धार महू लोकसभा क्षेत्र के सांसद छतरसिंह दरबार ने दी।
आपको बता दें कि आगरा से मुंबई मार्ग पर गुजरी के समीप बने गणेश घाट पर दुर्घटनाओं और उसमें मृत्यु का सिलसिला कई वर्षों से लगातार जारी है। जिसको लेकर कई बार धरना प्रदर्शन एवं आंदोलन किए गए तथा आज दिनांक तक कोई विशेष सुधार कार्य घाट पर नहीं किया गया। बीते दिनों कंटेनरो के आपसी भिड़ंत के बाद दो व्यक्तियों के जिंदा जल जाने के समाचार ने संबंधित विभाग पर सवालिया निशान खड़े कर दिए थे। जिसको लेकर सांसद श्री दरबार ने बताया था कि उन्होंने उक्त विषय में देश के केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर मामले में राष्ट्रीय स्तर पर मुद्दे को उठाया था। यहां तक कि घाट की ढलान को पुनर्निर्माण करने और सरल यातायात संचालित करने के उद्देश्य से पत्र लिखकर जल्द कार्य शुरू करने की मांग की थी। जिसके बाद भी नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा मामले में गंभीरता नहीं ली गई थी।
जिसको लेकर सांसद दरबार ने बताया कि मैंने पुनः केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को उक्त मामले में गंभीरता लेते हुए जल्द कार्य शुरू करने का आग्रह किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार कुछ ही महीनों में गणेश घाट पर दुर्घटना संभावित क्षेत्र में ढलान का कार्य शुरू किया जाएगा। दरबार ने बताया कि नेशनल हाईवे पर आने और जाने वाले मार्ग को चौड़ा कर पुनर्निर्माण किया जाएगा ताकि वर्षों से घाट पर हो रही दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
उन्होंने बताया कि मैंने मार्केट की स्थिति के बारे में कई बार संबंधित विभाग और केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया जिसके बाद उन्होंने 240 करोड़ रुपए के निर्माण कार्य की अनुशंसा दी थी, जो संभवत कुछ ही महीनों में शुरू किए जायेंगे। सांसद श्री दरबार ने बताया कि मैं क्षेत्रीय सांसद होने के नाते केंद्र से मिलने वाली योजनाओं को धरातल पर उतारने के पूर्ण प्रयास करता हूं और यहां तक की रेल मार्ग को भी जिले में लाने के प्रयास किए थे, जो बहुत ही जल्द सफल होंगे। और क्षेत्रवासियों को रेल यातायात जिसे सुविधा का भी लाभ मिल सकेगा।
