कांग्रेस जिला अध्यक्ष के निवास पहुंचे पूर्व सीएम, केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर साधा निशाना

खलघाट/धार (मप्र.) प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह बीते दिन शुक्रवार को धार जिले के कांग्रेस अध्यक्ष कमल किशोर पाटीदार के निवास पर पहुंचे। जहां सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत सम्मान किया। प्रवास के दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की शिवराज सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 19 साल के बाद सरकार सिर्फ कुछ महीनों के लिए लोगो को गुमराह करने के लिए लाडली बहना योजना लेकर आई है। उन्होंने कहा कि हर हफ्ते 30,000 करोड़ का कर्जा केंद्र सरकार ले रही है। और यही हाल शिवराज सिंह जी चौहान का है, उन्हें इतने सालों तक ना बहने याद आई और ना ही बेरोजगार नौजवान।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि शिवराज सरकार पूरी तरह से नकारा साबित हुई है और प्रदेश का भविष्य अंधकार की ओर धकेला जा रहा है। उन्होंने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा की सरकार को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार है और बहुमत के साथ कांग्रेस की सरकार प्रदेश में बनेगी। उन्होंने यह भी बताया कि देश में तानाशाह चल रहा है, संसद में राहुल गांधी जी की सदस्यता को खत्म करना कई सवालिया निशान पैदा करता है। आज देश का एक-एक कार्यकर्ता इस मुद्दे का विरोध प्रदर्शन कर रहा है।
प्रवास पर आए पूर्व सीएम ने धार जिले के कांग्रेस अध्यक्ष कमल किशोर पाटीदार के निवास पर सभी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान कांग्रेस के विधायक पाचीलाल मेणा, पूर्व सांसद गजेंद्रसिंह राजूखेड़ी, कुक्षी विधायक हनी बघेल, कुलदीप बुंदेला, कुलदीप सिंह डग, मनावर विधायक, जिला महामंत्री जावेद खान, नगर परिषद धामनोद के अध्यक्ष प्रतिनिधि विष्णु पाटीदार, धरमपुरी नगर परिषद के अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ जियाउल हक सहित जिले भर के सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
