दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर, गर्भवती महिला सहित पति गंभीर घायल – लोहिया रेफर
शमशाबाद, फर्रुखाबाद 25अगस्त 2026 थाना क्षेत्र में बूढ़ी गंगा स्थित पुलिया के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में नौ माह की गर्भवती महिला सहित उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद में भर्ती कराया गया, जहां से महिला डॉक्टर न होने के कारण गर्भवती महिला को गंभीर हालत में डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत समयचीपुर चितार निवासी माजिद पुत्र अख्तर अपनी पत्नी फराह को दवा दिलाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद लेकर आए थे। फराह नौ माह की गर्भवती हैं। सीएचसी से दवा लेकर दोनों बाइक से वापस अपने गांव जा रहे थे। जैसे ही वे बूढ़ी गंगा स्थित पुलिया के पास पहुंचे, सामने से आ रही दूसरी बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
बताया गया कि दूसरी बाइक पर 16 वर्षीय अंशुल कुमार पुत्र रघुवीर कुमार निवासी चिलसरा, ढाईघाट की तरफ से शमशाबाद की ओर आ रहा था। दोनों बाइकों की टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। इस हादसे में गर्भवती महिला फराह को गंभीर चोटें आईं। उसके पति माजिद भी घायल हो गया।
घटना की सूचना पर पहुंचे राहगीरों ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद में भर्ती कराया। जहां प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ.अलीम अंसारी, फार्मासिस्ट कमलेश कुमार और विजय कुमार ने प्राथमिक उपचार शुरू किया।
डॉ. अलीम अंसारी ने बताया कि महिला पूरे टाइम की गर्भवती है, उसे पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आई है। सीएचसी में महिला चिकित्सक न होने के कारण और हालत गंभीर देखते हुए उसे तुरंत राम मनोहर लोहिया अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। घायल पति का सीएचसी में उपचार जारी है।



