बनारस रेलवे स्टेशन से वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का शुभारंभ, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया शुभारंभ, जीआरपी ने संभाली सुरक्षा की कमान
वाराणसी।बनारस रेलवे स्टेशन पर शनिवार को वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के शुभारंभ का महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्रेन का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए रेलवे पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।पुलिस महानिदेशक रेलवे लखनऊ प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज जोन एन. कोलान्ची तथा पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशांत वर्मा के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। पुलिस उपाधीक्षक रेलवे वाराणसी प्रभात सिंह के मार्गदर्शन और जीआरपी कैंट वाराणसी के प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर के नेतृत्व में राजकीय रेलवे पुलिस ने स्टेशन परिसर में सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली।कार्यक्रम की संवेदनशीलता और विशिष्ट अतिथियों के आगमन को देखते हुए जीआरपी अनुभाग प्रयागराज,जीआरपी अनुभाग आगरा तथा पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया था। अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती बनारस रेलवे स्टेशन के मुख्य परिसर, प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया और अन्य संवेदनशील स्थानों पर की गई। पुलिसकर्मियों को अलग-अलग स्थानों पर जिम्मेदारी सौंपते हुए लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए थे।इस दौरान विशिष्ट अतिथियों की सुरक्षा के साथ स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने, आमजन के सुगम आवागमन और रेलवे संपत्ति की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया। पुलिस अधिकारी और कर्मचारी लगातार स्टेशन परिसर में भ्रमण करते रहे। यात्रियों और आम नागरिकों के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार करते हुए जरूरत पड़ने पर उन्हें सहायता भी उपलब्ध कराई गई।पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी और पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशांत वर्मा ने स्वयं कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा सुरक्षा प्रबंधों की लगातार निगरानी की।अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय, अनुशासन और सतर्कता के चलते वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का शुभारंभ कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। इस दौरान राजकीय रेलवे पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ यात्री सेवा और कर्तव्यनिष्ठा का भी परिचय दिया।



