शमशाबाद में पीएम आवास योजना-शहरी 2.0 का रास्ता खुला
1621 पात्र लाभार्थियों के प्रमाण पत्र लंबित, एक सप्ताह में उपलब्ध कराने के निर्देश
आसिफ़ राजा ब्यूरो चीफ़ फर्रुखाबाद
शमशाबाद, फर्रुखाबाद। नगर पंचायत शमशाबाद में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 को लेकर लंबे समय से बनी भ्रम की स्थिति अब समाप्त होती दिखाई दे रही है। नगर पंचायत अध्यक्ष जोया शाह के हस्तक्षेप के बाद जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) फर्रुखाबाद ने मामले का संज्ञान लेते हुए अधिशासी अधिकारी को लंबित प्रमाण पत्र एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।नगर पंचायत शमशाबाद की ओर से डूडा को भेजे गए पत्र में बताया गया था कि डूडा कार्यालय के पत्र संख्या-602 दिनांक 14.02.2025 के क्रम में स्पेशल फोकस ग्रुप के 229 एवं 3831, कुल 4060 आवेदकों की सूची प्राप्त हुई थी। नगर पंचायत एवं तहसील के राजस्व निरीक्षक द्वारा संयुक्त जांच में 2201 आवेदक पात्र पाए गए।पात्र पाए गए आवेदकों में से 580 आवेदकों के फार्म पर अधिशासी अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी कायमगंज के संयुक्त हस्ताक्षर कर डूडा कार्यालय भेजे जा चुके हैं और इन लाभार्थियों को प्रथम किस्त का भुगतान भी हो चुका है। वहीं शेष 1621 पात्र आवेदकों के प्रमाण पत्र संयुक्त हस्ताक्षर न होने के कारण लंबित थे, जिससे उन्हें योजना के लाभ से वंचित होना पड़ रहा था।अध्यक्ष जोया शाह ने 18 अगस्त 2026 को परियोजना अधिकारी, डूडा फर्रुखाबाद को पत्र भेजकर लंबित आवेदनों पर अग्रिम कार्यवाही की मांग की थी। इसके बाद परियोजना अधिकारी/उपजिलाधिकारी, डूडा ने पत्रांक-615/डूडा/पीएमएवाई/2026-27 दिनांक 24.08.2026 के माध्यम से अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत शमशाबाद को निर्देश दिया कि लंबित 1621 प्रमाण पत्र संबंधित स्तर से आदेशित कर एक सप्ताह में उपलब्ध कराए जाएं।निर्देश जारी होने के बाद योजना को लेकर बनी स्थिति स्पष्ट हो गई है। अब नगर पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 से संबंधित कार्यवाही आगे बढ़ने की उम्मीद है और पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ मिलने का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है।



