Breaking News

गांधी जी के विचारों को आत्मसात कर अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ-सीएमओ

वाराणसी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह सहित समस्त अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अन्य अधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह की अध्यक्षता में गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में “राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचार एवं वर्तमान परिवेश में उनकी प्रासंगिकता” विषय पर वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय राय, डॉ. राजेश प्रसाद, डॉ. एस.एस. कन्नौजिया, डॉ. सारिका राय एवं जिला मलेरिया अधिकारी श्री शरद चंद्र पांडेय ने गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सेवा एवं जनकल्याण के विचारों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी का जीवन हमें सादगी, सत्य, सेवा, अनुशासन एवं समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण की प्रेरणा देता है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से अपील की कि शासन द्वारा संचालित लाभार्थीपरक स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाई जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र व्यक्ति स्वास्थ्य सेवाओं एवं योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय राय ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को स्वस्थ एवं सशक्त समाज की आधारशिला माना था। उनका जीवन हमें यह संदेश देता है कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक सामाजिक दायित्व भी है। स्वास्थ्य विभाग से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह स्वच्छता के साथ-साथ जनस्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करे और स्वास्थ्य सेवाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाए।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में स्वच्छ वातावरण की महत्वपूर्ण भूमिका है। गांधी जी के स्वच्छता संबंधी विचारों को व्यवहार में उतारते हुए हमें अपने कार्यस्थल, स्वास्थ्य संस्थानों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने के साथ आमजन को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की सेवाओं का उद्देश्य केवल उपचार तक सीमित न होकर रोगों की रोकथाम एवं स्वास्थ्य संवर्धन भी है।

इस अवसर पर सीएमओ ने बताया कि 02 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक “विशेष अभियान-6” के अंतर्गत जनपद के सरकारी चिकित्सा संस्थानों में विभिन्न स्वच्छता संबंधी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। उन्होंने सभी चिकित्सा संस्थानों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभियान के दौरान स्वच्छता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए।

गोष्ठी के उपरांत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह ने अपने सहयोगी अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारियों एवं अन्य अधिकारियों के साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता गतिविधियों का शुभारंभ किया। इस दौरान अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने स्वच्छता बनाए रखने तथा अपने कार्यस्थल को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, कर्मचारी एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
close
ddd